मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: एनके एवं पिपरवार सीआईएसएफ युनिट ने रविवार को प्रकृति के संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की. सुभाष नगर स्थित सीआईएसएफ फैमिली कॉलोनी के कैप्टन वी. ओइपोई पार्क में संरक्षिका संगठन द्वारा आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से न केवल पौधे लगाए गए, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प भी दोहराया गया.
कार्यक्रम में संरक्षिका अध्यक्षा रेखा सिंह, इंस्पेक्टर रश्मि एवं संरक्षिका संगठन की सदस्याओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया. पौधारोपण के दौरान उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर बल दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन के प्रति हमारी जिम्मेदारी है.
वहीं उन्होंने कहा, “जब हम एक पौधा लगाते हैं, तब हम केवल एक पेड़ नहीं, बल्कि भविष्य की उम्मीद, स्वच्छ हवा और जीवन का आधार तैयार करते हैं. आज की पीढ़ी को यह समझना होगा कि प्रकृति के बिना विकास की कल्पना अधूरी है.”
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता प्रदूषण, अनियमित मौसम और जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरे हैं. ऐसे में वृक्षारोपण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने का सबसे सशक्त माध्यम है. उन्होंने सभी से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की भी अपील की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृत्व और मानवीय संवेदनाओं को जोड़ने वाला एक राष्ट्रीय आंदोलन है. यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम-से-कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प ले, तो देश को हरित और समृद्ध बनाने का सपना साकार हो सकता है.
कार्यक्रम के दौरान रज़िया सुल्ताना, शशि, शांति, असुंता, प्रियंका, सुनीता, रचना एवं हिमानी थपलियाल सहित संरक्षिका संगठन की अन्य सदस्याओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई. सभी ने पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: गांडेय में विधिक सशक्तीकरण शिविर, योजनाओं व कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी