मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: सीआईएसएफ इकाई सीसीएल एनके एवं पिपरवार की सतर्कता से खदान क्षेत्र में लोहे के एंगल की चोरी का प्रयास विफल हो गया. सीआईडब्ल्यू टीम ने गश्ती के दौरान केडीएच डब्ल्यूबी ब्रिज संख्या-02 के समीप एक संदिग्ध मोटरसाइकिल से लगभग 60 किलो लोहे का एंगल बरामद किया.
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर शाम करीब 7 बजे नियमित गश्ती के दौरान टीम को हीरो होंडा सीडी डॉन मोटरसाइकिल (जेएच01एम-1171) संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिली. जांच में उस पर लोहे का एंगल लदा पाया गया. आशंका है कि इसे अवैध रूप से खदान क्षेत्र से बाहर ले जाने की तैयारी थी.
निरीक्षक राजेश कुमार सरोज के नेतृत्व में टीम ने आसपास व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई भी व्यक्ति वाहन या बरामद सामग्री पर दावा करने नहीं आया. इसके बाद मोटरसाइकिल एवं लोहे के एंगल को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए खलारी थाना को सौंप दिया गया. मामले में सनहा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है.
सीआईएसएफ कमांडेंट अमित कुमार ने कार्रवाई में शामिल जवानों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्ती और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि खदान क्षेत्रों में चोरी एवं अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: भरनो विष्णु मंदिर में 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन संपन्न, भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु