पलामू में तालाब और मुख्य मार्गों पर नगर निगम के निर्माण कार्य का कांग्रेस और सीपीआई ने किया विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:  ​मेदीनिनगर नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर के मुख्य मार्गों और ऐतिहासिक सैंडर्श तालाब में कराए जा रहे निर्माण कार्यों पर कांग्रेस और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने कड़ा ऐतराज जताया है. सोमवार को कांग्रेस की पलामू जिलाध्यक्ष विमला कुमारी, वरिष्ठ नेता राजेश चौरसिया और सीपीआई के वरिष्ठ नेता केडी सिंह ने संयुक्त रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया. इस दौरान नेताओं ने पाया कि नावाटोली स्थित ऐतिहासिक सैंडर्श तालाब की जमीन का अतिक्रमण कर वहां मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है. इस निर्माण कार्य की वजह से तालाब के जल निकासी का मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिसका सीधा खामियाजा स्थानीय मोहल्ला वासियों को आने वाले मानसून में भुगतना पड़ेगा. जल निकासी ठप होने से बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस जाएगा और अत्यधिक बारिश होने पर तालाब का बांध टूटने की भी गंभीर आशंका बनी रहेगी.

​निरीक्षण के बाद नेताओं ने रोष जताते हुए कहा कि सैंडर्श तालाब के आधे से अधिक हिस्से पर पहले ही भू-माफियाओं और अन्य लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा चुका है. ऐसे में निगम प्रशासन को चाहिए था कि वह तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराए, लेकिन इसके उलट नगर निगम खुद तालाब को पाटकर निर्माण कार्य करा रहा है जो कि न्यायालय के आदेशों का खुला उल्लंघन है. न्यायालय का साफ निर्देश है कि किसी भी हाल में जल स्रोतों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, लेकिन नगर निगम इन नियमों को ताक पर रखकर मनमाने तरीके से काम कर रहा है.

​कांग्रेस जिलाध्यक्ष विमला कुमारी ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों को घेरकर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है. रेडमा स्थित बिजली विभाग के कार्यालय के पास घनी आबादी और भारी ट्रैफिक वाले मुख्य मार्ग पर दुकान बनाने के लिए नींव खोद दी गई है और निर्माण सामग्री गिरा दी गई है, जिससे वहां हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है. इसी तरह केजी स्कूल मार्ग का अतिक्रमण कर पार्क बना दिया गया है और शहर के कई महत्वपूर्ण रास्तों पर मेघा डेयरी के बूथ खोल दिए गए हैं, जिससे सड़क जाम की समस्या अत्यंत गंभीर हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के जनप्रतिनिधि इस पूरे मामले में मूकदर्शक बने हुए हैं. कांग्रेस और सीपीआई नेताओं ने दो टूक शब्दों में नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर बन रही दुकानों और तालाब में बन रहे मार्केट कॉम्प्लेक्स के काम पर तत्काल रोक लगाई जाए, अन्यथा इस जनविरोधी नीति के खिलाफ कांग्रेस सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी.

यह भी पढ़ें: लोहरदगा: नागजुआ के दो छात्र ट्रेन यात्रा के दौरान लापता, घर लौटने के दौरान का वाक्या, दोनों छात्रों का सुराग नहीं, परिवार चिंतित