पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, केंद्र सरकार के खिलाफ जताया विरोध

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत

बरवाडीह/डेस्क:  पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में मंगलवार को बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित पेट्रोल पंप परिसर में कांग्रेस कमेटी की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष सह अधिवक्ता प्रिंस प्रसाद ने किया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की.

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आम लोगों से हस्ताक्षर कराकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया. नेताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता के जीवन पर पड़ रहा है. बढ़ती महंगाई के कारण गरीब, मजदूर, किसान, छोटे व्यवसायी और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतें बढ़ने से सिर्फ वाहन चालकों पर ही असर नहीं पड़ता, बल्कि परिवहन खर्च बढ़ने के कारण खाद्य सामग्री, सब्जी, राशन और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं. इससे आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है. प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी लोगों के हित में संघर्ष जारी रहेगा.

उन्होंने कहा कि यदि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में जल्द राहत नहीं दी गई तो पार्टी द्वारा आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा. अभियान के दौरान प्रदेश सचिव रवींद्र राम, जिला महासचिव रामनरेश यादव, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेश मिश्रा, समाजसेवी अनिल सिंह, शिवानंद तिवारी, रामदेव राम समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान लोगों ने बढ़ती महंगाई को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की.

यह भी पढ़ें: रामगढ़ एसपी मुकेश लुनायत ने किया गोला थाने का निरीक्षण दिए कई निर्देश