लोहरदगा: जिले में कहीं भी अफीम की खेती नहीं हो, COTPA अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई - संदीप कुमार मीना

Pramod Kumar,News11 Bharat,

उपायुक्त ने NCORD की जिला स्तरीय समिति की बैठक में दिए पदाधिकारियों को निर्देश

न्यूज11  भारत

लोहरदगा/डेस्क: उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में NCORD की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई. उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों व थाना प्रभारियों को सख्त निदेश दिया कि किसी भी परिस्थिति में किसी अंचल व थाना क्षेत्र में अफीम की खेती नहीं होना चाहिए. अगर अफीम की खेती की सूचना प्राप्त होती है तो इसकी सूचना तुरंत वरीय पदाधिकारियों को दें. साथ ही, कड़ी कार्रवाई भी सुनिश्चित करें. लगातार जांच अभियान चलाएं. उपायुक्त ने निदेश दिया कि शहरी क्षेत्र में नशापान के हॉट-स्पॉट को चिन्हित करते हुए जांच अभियान चलायें और कड़ी कार्रवाई की जाए.

विद्यालयों व महाविद्यालयों में चले जागरूकता अभियान

उपायुक्त ने अनुमण्डल पदाधिकारी व जिला शिक्षा पदाधिकारी को निदेश दिया कि मादक पदार्थों के सेवन से होनेवाले नुकसान व विभिन्न कानूनी कार्रवाईयों की जानकारी जिला के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को दी जाए. लगातार जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए ताकि आगामी पीढ़ी को नशे की लत  से दूर रखा जा सके. 

जिला औषधि निरीक्षक को निदेश दिया गया कि जिला के सभी दवा दुकानों में प्रतिबंधित कफ सीरप के बिक्री व भण्डारण की जांच होनी चाहिए. अगर कोई ऐसा कर रहे हैं तो संबंधित पर कार्रवाई की जाए. प्रतिमाह में दुकानों के जांच की संख्या बढ़ाएं.

जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को जिला में नियमित रूप से प्रतिबंधित पान मसालों के बिक्री व भण्डारण की जांच किये जाने, आर्थिक दण्ड लगाये जाने का भी निदेश दिया गया.

सिविल सर्जन लोहरदगा को COTPA अधिनियम के अंतर्गत स्कूल/कॉलेजों के आसपास सिगरेट व तंबाकू उत्पाद के बिक्री व भण्डारण करनेवाले दुकानदारों पर कार्रवाई व आर्थिक दण्ड लगाये जाने का निदेश दिया. सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारियों को भी अपने-अपने प्रखण्ड क्षेत्र में जांच अभियान चलाने का निदेश दिया गया.

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नियमित रूप से नशीले व मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने, नशामुक्त पंचायत के तहत कार्य करने का निदेश दिया गया. 

कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को भी नगर परिषद क्षेत्र में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने का निदेश दिया गया.

आज की बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, डालसा सचिव मनोरंजन कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका कुमारी चौधरी,सामान्य शाखा प्रभारी पदाधिकारी अभिनीत सूरज, जिला औषधि निरीक्षण, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी समेत सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी उपस्थित थे

यह भी पढ़ें: करंज पुलिस ने विद्यालय में चलाया जागरूकता अभियान,छात्र-छात्राओं को कानून और सुरक्षा की दी जानकारी