न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: छेड़खानी को लेकर हुए विवाद में लालपुर के नगड़ा टोली निवासी महेश सुरीन की हत्या हुई थी. इस मामले में 25 जून को कोर्ट का फैसला आएगा. मामले में अतुल मुंडा ने ट्रायल फेस किया है. अपर न्याययुक्त ओंकारनाथ चौधरी की कोर्ट में बहस पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है. प्राथमिकी के अनुसार 14 फरवरी 2022 की शाम 7 बजे लड़की से छेड़खानी को लेकर अतुल मुंडा ने मारपीट की थी.
इसको लेकर 15 फरवरी की शाम 7.30 बजे महेश मुंडा, अंकित मुंडा और नवीन मुंडा बातचीत कर सुलह करने के लिए अतुल मुंडा के घर गए थे. उस वक्त अतुल अपने घर के दूसरे तल्ले पर सोया था. उसे तीनों छत से उतारकर नीचे ला रहे थे. तभी अतुल मुंडा ने हथौड़ा से महेश सुरीन के सिर पर मार दिया, जिससे महेश गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में महेश को रिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले को लेकर मृतक के भाई राजेश सुरीन ने लालपुर थाना में कांड संख्या 25/2022 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
यह भी पढ़ें- उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले में आरोपी भाइयों ने रिपोर्ट पेश करने के लिए कोर्ट से मांगा समय