गावां में चारु मजूमदार की 54वीं शहादत दिवस पर भाकपा माले ने दी श्रद्धांजलि

Ark Sahuliyar

गावां प्रखंड के हटिया मैदान में मंगलवार को भाकपा माले के संस्थापक एवं प्रथम महासचिव चारु मजूमदार की 54वीं शहादत दिवस मनाई गई.

संदीप बरनवाल/न्यूज़11 भारत 
गावां/डेस्क:
गावां प्रखंड के हटिया मैदान में मंगलवार को भाकपा माले के संस्थापक एवं प्रथम महासचिव चारु मजूमदार की 54वीं शहादत दिवस मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के प्रखंड कमेटी सदस्य मो. मुस्लिम अंसारी ने की, जबकि संचालन आरवाईए प्रखंड सचिव आनंदी यादव ने किया. कार्यक्रम में भाकपा माले के प्रखंड सचिव सकलदेव यादव तथा आरवाईए के जिला सचिव अशोक मिस्त्री मुख्य रूप से उपस्थित रहे.

कार्यक्रम की शुरुआत चारु मजूमदार के चित्र पर माल्यार्पण एवं दो मिनट का मौन रखकर की गई. इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके विचारों और संघर्षों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

प्रखंड सचिव सकलदेव यादव ने कहा कि चारु मजूमदार ने शोषित, वंचित, खेतिहर मजदूरों, छोटे किसानों, दलितों एवं गरीब तबकों को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि नक्सलबाड़ी किसान आंदोलन भारतीय जन आंदोलनों के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं में शामिल है तथा सामाजिक गैर-बराबरी के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को आगे बढ़ाने की आवश्यकता आज भी बनी हुई है.

मौके पर पंचायत समिति सदस्य अशोक यादव, सुनील दास, रंजीत राम, उपेंद्र कुमार, मदन साव, शिबु कुमार, पिंटू कुमार, गोखुल तुरी, जाशो देवी, मीना दास, संजय दास, पवन कुमार, मो. मंसूर, इज़राइल मियां, अमलेश कुमार, नरेश राणा सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे.