बेंगाबाद में अवैध बालू पर कार्रवाई, प्रशासन के दोहरे रवैये पर सवाल

Ark Sahuliyar

बेंगाबाद अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में शनिवार को अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 

मनीष मंडल/न्यूज 11 भारत 
बेंगाबाद/डेस्क:
बेंगाबाद अंचल अधिकारी सफी आलम के नेतृत्व में शनिवार को अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बेंगाबाद के बनहती गांव से अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर को पकड़ा है. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया. मौके पर बेंगाबाद थाना के एसआई विजय कुमार मंडल अपने दल बल के साथ मौजूद थे. अंचल अधिकारी ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. नियम तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. जब्त ट्रैक्टर के विरुद्ध आगे की कार्रवाई के लिए मामला खनन विभाग को भेज दिया गया है.

ज्ञात हो कि एनजीटी के आदेश के बाद पूरे झारखंड में अवैध खनन पर रोक है. इसके बावजूद बेंगाबाद के मोतीलेदा बालू घाट से दिन में ही रोज सैकड़ों बालू लदी गाड़ियां नियमों को ताक पर रखकर निकल रही हैं. इसी को लेकर यह कार्रवाई की गई. हालांकि इसी दिन प्रखंड कार्यालय के प्रांगण में सरकारी कार्य के लिए बालू गिराए जाने से बाजार में चर्चा तेज है. लोग कह रहे हैं कि एक तरफ बालू घाट से गाड़ी पकड़ी जा रही है और दूसरी तरफ कार्यालय में बालू गिर रही है. इससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.