चौपारण में अवैध बालू तस्करी पर कार्रवाई! एक ट्रैक्टर जब्त, तस्कर रातभर करते हैं एस्कॉर्ट

Dipali Kumari

कल शनिवार रात भगहर रोड से अवैध रूप से बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया गया.

बरही विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत 
चौपारण/डेस्क:
चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कल शनिवार रात भगहर रोड से अवैध रूप से बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है. ट्रैक्टर को थाना लाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भगहर रोड के रास्ते अवैध बालू की तस्करी की जा रही है. इसी सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई और बालू से भरा ट्रैक्टर पकड़ा गया. 

स्थानीय लोगों का कहना है कि चौपारण चतरा रोड पर रोजाना दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टर अवैध बालू ढोते हैं. आरोप है कि तस्कर पकड़े जाने के डर से रातभर ट्रैक्टरों के आगे पीछे एस्कॉर्ट करते हैं. चतरा मोड़ के आसपास तस्करों के लोग पूरी रात निगरानी करते देखे जाते हैं ताकि पुलिस की भनक लगते ही सूचना पहुंचाई जा सके. ग्रामीणों ने मांग की है कि केवल एक ट्रैक्टर जब्त करने से समस्या हल नहीं होगी. चौपारण चतरा रोड पर चल रहे अवैध बालू कारोबार पर लगातार छापेमारी और सख्त कार्रवाई की जरूरत है.
थाना प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. पकड़े गए ट्रैक्टर के कागजात और बालू के स्रोत की जांच की जा रही है. दोषियों पर खनन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: रांची: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में देर रात हाई वोल्टेज ड्रामा! टावर पर चढ़ा युवक, आज सुबह उतरा नीचे