वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर चौपारण में आदिवासी समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा एवं झांकी निकाली गई. पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे हजारों महिला-पुरुषों ने मांदर की थाप और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर नाचते-गाते पूरे क्षेत्र को आदिवासी संस्कृति के रंग में रंग दिया.
जुलूस में शामिल लोग पारंपरिक हथियार, वेशभूषा और झांकियों के साथ आदिवासी संस्कृति, इतिहास एवं परंपरा का जीवंत प्रदर्शन कर रहे थे. "जय आदिवासी" के नारों से पूरा चौपारण गूंज उठा.
आयोजित शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग भी शामिल हुए. मौके पर कांग्रेस जिला सचिव, चैथीं मुखिया उपेंद्र उर्फ गुलाबी यादव, मुखिया प्रतिनिधि बिनोद सिंह, ताजपुर मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौपारण पुलिस बल भी मुस्तैद रही.
वक्ताओं ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज के गौरव, अधिकार और संस्कृति को संरक्षित करने का प्रतीक है. सभी ने एकजुट होकर जल, जंगल, जमीन और अपनी संस्कृति की रक्षा का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: विश्व आदिवासी दिवस पर पलामू जिला प्रशासन ने निकाली प्रभात फेरी