भरत मंडल/न्यूज़11 भारत
गांडेय/डेस्क: फुलझरिया पंचायत के शिबुआडीह गांव स्थित कब्रिस्तान रोड में 15वें वित्त आयोग से करीब एक माह पूर्व बनायी गयी पुलिया की नींव बुधवार को हुई बारिश के बाद बह गयी. पुलिया का निर्माण करीब 1.09 लाख रुपये की प्राक्कलन राशि से कराया गया था. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गयी, जिसके कारण पुलिया हल्की बारिश भी नहीं झेल सकी.
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया के सामने बना पुराना गार्डवाल भी टूट गया है. नींव बहने से नवनिर्मित पुलिया के कभी भी धंसने का खतरा बना हुआ है. इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी होने की आशंका है.
ग्रामीण समद अंसारी, समसुल अंसारी, जेनुल अंसारी, रियासत अंसारी, मसरुद्दीन अंसारी, आलम अंसारी, रमजान अंसारी, रहमुल अंसारी, खलील मियां, जमशेद अंसारी, सुल्तान अंसारी व मोबीन अंसारी समेत अन्य ने प्रशासन से जल्द पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है. इस संबंध में गांडेय बीडीओ निशार अंजुम ने कहा कि पुलिया निर्माण की जांच करायी जाएगी. जांच में दोषी पाये जाने वाले व्यक्ति और लाभुक समिति के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.