न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ डीसी मेघा भारद्वाज ने अनुमंडल कार्यालय, भूमि सुधार उप समाहर्ता (एलआरडीसी) कार्यालय एवं जिला अभिलेखागार का निरीक्षण कर कार्यालयीन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को ईमानदारी, जवाबदेही एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने अनुमंडल कार्यालय एवं एलआरडीसी कार्यालय में संचालित प्रशासनिक और राजस्व संबंधी कार्यों की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों का निपटारा समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला अभिलेखागार में संधारित अभिलेखों और रिकॉर्ड के रख-रखाव का भी गहन जायजा लिया. उन्होंने अभिलेख प्रति प्राप्ति से संबंधित आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए अभिलेखागार प्रभारी को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए.
डीसी ने आवेदन प्राप्ति पंजी, अभिलेख प्रति निर्गत पंजी, उपस्थिति पंजी, कर्मियों के कार्य निर्धारण पंजी तथा सीसीटीवी व्यवस्था का क्रमवार निरीक्षण किया. साथ ही रिकॉर्ड प्रबंधन को और अधिक व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए प्रत्येक रैक पर अभिलेख संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, ताकि अभिलेखों की खोज और कार्य निष्पादन में आसानी हो.
उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य संस्कृति, सुव्यवस्थित अभिलेख प्रबंधन एवं पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था से आमजनों का विश्वास मजबूत होता है. उपायुक्त ने सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने की हिदायत दी.
यह भी पढ़ें: डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, उच्च शिक्षा में सुधार की उठाई मांग