न्यूज11 भारत
बहरगगोड़ा/डेस्क: जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण आबादी को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सांसद बिद्युत बरण महतो ने पहल की है. उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अपर सचिव श्रीमती आराधना पटनायक से मुलाकात कर पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा, गुड़ाबांदा, मुसाबनी एवं बोड़ाम प्रखंडों में नए स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग रखी.
इस संबंध में सांसद बिद्युत बरण महतो ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की अपर सचिव को पत्र भी सौंपा. पत्र में उन्होंने इन चारों प्रखंडों की भौगोलिक स्थिति, ग्रामीण आबादी तथा औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया.
सांसद ने कहा कि बहरागोड़ा, गुड़ाबांदा, मुसाबनी एवं बोड़ाम प्रखंडों के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग निवास करते हैं. वहीं, इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रमिक टाटानगर एवं जमशेदपुर के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्य करने के लिए आवागमन करते हैं. ऐसे में इन क्षेत्रों में पर्याप्त और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सामान्य उपचार से लेकर आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं तक के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है. विशेषकर गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा आपातकालीन परिस्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में दूरी एक बड़ी चुनौती बन जाती है. ऐसी स्थिति में स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना से ग्रामीणों और श्रमिकों को काफी राहत मिल सकती है.
उन्होंने प्रस्तावित स्वास्थ्य केंद्रों में केवल भवन निर्माण तक सीमित रहने के बजाय पर्याप्त चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आवश्यक दवाइयां, पैथोलॉजी जांच एवं अन्य बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया. साथ ही, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को भी इन केंद्रों का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाए जाने का आग्रह किया.
उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा इस मांग पर सकारात्मक रूप से विचार करते हुए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. सांसद ने कहा कि जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और क्षेत्र की जनसमस्याओं को संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाते रहेंगे.
इसे भी पढ़ें: रांची में डिटेन किये जाने पर राज्यसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस देंगे सांसद आदित्य साहू