विकास कुमार/न्यूज 11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला क़े हुसैनाबाद क्षेत्र में समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में देवरी ओपी पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है. इसी कड़ी में बुधवार को देवरी ओपी प्रभारी राजू गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उत्क्रमित राजकीय नवसृजित मध्य विद्यालय, देवरीकला (पहाड़ीपर) पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओपी प्रभारी राजू गुप्ता ने कहा कि नशा इंसान के जीवन, परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाता है.
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने घर-परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें. उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही एक सशक्त और विकसित समाज की नींव रख सकते हैं. विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रों को शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों का महत्व बताते हुए नशे से दूर रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि सही मार्ग का चुनाव ही उज्ज्वल भविष्य की पहचान है.
अभियान के दौरान पुलिस टीम और विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की शपथ दिलाई. छात्रों ने भी अपने गांव और मोहल्ले में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया. देवरी ओपी प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके और नशामुक्त समाज का सपना साकार हो सके. इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की.