मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 को लेकर उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

Ark Sahuliyar

15 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा एवं 22-23 अगस्त को विशेष कैंप का आयोजन

राहुल सिंह/न्यूज11 भारत 
रामगढ़/डेस्क:
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों, आगामी गतिविधियों एवं राजनीतिक दलों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई.

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना तथा सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराना है.

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी कि 15 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा. इसके अतिरिक्त 22 एवं 23 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे. इन कैंपों के माध्यम से नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, आवश्यक सुधार कराने एवं अन्य संबंधित कार्यों के लिए आवेदन कर सकेंगे.

पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वैसे पात्र नागरिक, जिनका नाम 05 अगस्त 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. आवेदन संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ को जमा किया जा सकता है. इसके अलावा ECINET App अथवा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध है. वहीं, जिन मतदाताओं को अपना नाम एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराना है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.

युवा मतदाताओं के निबंधन को लेकर विद्यालयों में कार्यशाला
बैठक में बताया गया कि सभी विद्यालयों में हेल्प डेस्क मैनेजरों के माध्यम से कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है. इन कार्यशालाओं के माध्यम से वैसे छात्र-छात्राओं का मतदाता सूची में निबंधन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं.

House to Roll Verification का कार्य जारी
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में बीएलओ द्वारा House to Roll Verification का कार्य किया जा रहा है. उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने स्तर से मतदाताओं को जागरूक करें तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने एवं मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करें. उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है. सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपने-अपने स्तर से बूथ स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करें और विशेष कैंप एवं ग्राम सभा में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने में सहयोग करें.

निष्पक्ष एवं पारदर्शी पुनरीक्षण के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की. बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर अपने सुझाव एवं विचार भी साझा किए. जिला प्रशासन द्वारा उनके सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.