खेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

Ark Sahuliyar

उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में खेलकूद एवं पर्यटन से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई.

राहुल सिंह/न्यूज़11 भारत 
रामगढ़/डेस्क:
उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में खेलकूद एवं पर्यटन से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में उपलब्ध खेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पर्यटन स्थलों के विकास एवं सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

बैठक के दौरान उपायुक्त ने नगर परिषद को निर्देश दिया कि जिले के सभी खेल स्थलों एवं स्टेडियमों, जिनमें सिधु-कान्हू स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल सहित अन्य खेल परिसर शामिल हैं, वहां साफ-सफाई, समुचित प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन एवं आवश्यक मरम्मत से संबंधित कार्य आगामी दो दिनों के भीतर प्रारंभ किया जाए, ताकि खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.

उपायुक्त ने नगर परिषद को स्विमिंग पूल के लिए योग्य एवं प्रशिक्षित प्रशिक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही जिला खेल पदाधिकारी को जिले के सभी खेल परिसरों एवं उपलब्ध खेल सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के साथ बैठक आयोजित कर खेल गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के निर्देश दिए.

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि खेल से जुड़े सभी खिलाड़ियों एवं बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यक खेल सामग्री की सूची तैयार की जाए, ताकि आवश्यकता के अनुरूप उन्हें सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा सके.

पर्यटन विकास की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने जिला पर्यटन संवर्धन परिषद (DTPC) से संबंधित सभी बिंदुओं का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं पर्यटकों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए.

मानसून को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए उपायुक्त ने पतरातू डैम एवं रजरप्पा में बोटिंग संचालन से जुड़े संचालकों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा पर्यटकों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा.

उपायुक्त ने कहा कि खेल एवं पर्यटन दोनों ही जिले की पहचान और विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं. इन क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं विकसित कर न केवल खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी.