न्यूज11 भारत
रामगढ़/डेस्क: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने बुधवार को पतरातू स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय परिसर, छात्रावास, कंप्यूटर कक्ष, स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय में संचालित प्रोजेक्ट इंपैक्ट के तहत किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों एवं छात्राओं के कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली. उन्होंने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, उपलब्ध सुविधाओं एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा छात्राओं को नियमित अध्ययन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय के इको क्लब द्वारा संचालित गतिविधियों का भी अवलोकन किया. इस दौरान छात्राओं द्वारा पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की आवश्यकता है और बच्चों में इसके प्रति जागरूकता विकसित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है.
उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने तथा खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और बेहतर तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया. मौके पर उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, संबंधित विभागीय अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल: बेसहारा हुए तीन मासूम बच्चों के लिए आगे आया प्रशासन