प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है. इसी क्रम में बरवाडीह पंचायत के गढ़वाटाड़ गांव में 15वें वित्त आयोग योजना के तहत बनने वाले नाला एवं स्लैब निर्माण कार्य का शिलान्यास पंचायत की मुखिया कालो देवी ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
मेन नाला से बबन शर्मा के घर तक बनने वाले इस नाला एवं स्लैब निर्माण कार्य की प्राक्कलित लागत करीब 1 लाख 33 हजार 300 रुपये है. योजना का मुख्य उद्देश्य गांव में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बरसात के दिनों में होने वाली जलजमाव की समस्या से ग्रामीणों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.इस मौके पर मुखिया कालो देवी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सड़क, नाला, पेयजल सहित अन्य विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय पर पूरा हो, इसके लिए पंचायत स्तर से निगरानी रखी जाएगी.
ग्रामीणों ने भी इस विकास कार्य की शुरुआत पर खुशी जताई और कहा कि लंबे समय से नाला निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. नाला बनने से जलभराव, गंदगी और आवागमन की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी.ग्रामीणों का कहना है कि मुखिया कालो देवी के प्रयास से पंचायत क्षेत्र में विकास योजनाओं को रफ्तार मिली है. शिलान्यास कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य, ग्रामीण एवं स्थानीय महिलाएं मौजूद थीं.
यहह भी पढ़ें: बरकट्ठा के अलपीटो गांव में हाथियों का उत्पात, दरवाजा-खिड़की तोड़कर अनाज कर गये चट