मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: पिपरवार :सीसीएल पिपरवार क्षेत्र बचरा दक्षिणी पंचायत सचिवालय में मुखिया रीना देवी की अध्यक्षता में डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) मद के तहत ग्राम सभा का आयोजन किया गया.ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का चयन किया गया.ग्रामसभा में उपस्थित जनप्रतिनिधियों,पंचायत प्रतिनिधियों,शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में शिक्षा,आधारभूत संरचना, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया.बैठक में सर्वसम्मति से कई विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई.ग्रामसभा में जिन योजनाओं का चयन किया गया,उनमें प्रमुख रूप से बचरा हाई स्कूल में शिक्षकों के आवास निर्माण की योजना शामिल है.इसके अलावा बाजारटांड़ एवं अंबेडकर नगर नाला पर पुल निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया,जिससे बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी.वहीं पंचायत क्षेत्र के सभी स्कूलों में हाई मास्ट लाइट एवं पानी की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया.शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बचरा हाई स्कूल में दस कमरों के निर्माण की योजना को भी स्वीकृति दी गई.ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में सड़क,शिक्षा,पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने की मांग की.बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि चयनित योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और आम लोगों को सीधा लाभ प्राप्त होगा.इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र कुमार सिंह,पंचायत सचिव सीताराम रवानी,शिक्षक कामेश्वर कुमार महतो, शैलेश कुमार यादव,संतोष कुमार,बिन्देश्वर रजक, स्वयंसेवक संगीता देवी, रेशमा देवी,जल सहिया प्रतिमा देवी,संजय बैठा, बबिता पाण्डेय,रमेश मिश्रा, चंदन कुमार,राजेश कुमार, उमिला देवी,देवन्ती देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.