मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
खलारी/डेस्क: खलारी. सीसीएल एनके एरिया की रोहिणी परियोजना में सीआईएसएफ की सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से डीजल चोरी की एक बड़ी कोशिश नाकाम हो गई. घटना रविवार तड़के करीब 3:20 बजे की है, जब बोलेरो वाहन से पहुंचे कुछ चोर परियोजना के न्यू वर्कशॉप परिसर में खड़े होल पैक संख्या-61159 से डीजल चोरी करने का प्रयास कर रहे थे.
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के सहायक उप निरीक्षक बुध राम नियमित गश्त के दौरान न्यू वर्कशॉप क्षेत्र से गुजर रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर होल पैक से डीजल निकाल रहे संदिग्धों पर पड़ी. उन्होंने तत्काल चोरों को ललकारते हुए पकड़ने का प्रयास किया तथा साथ ही क्यू आरटी (क्विक रिस्पांस टीम) और नियंत्रण कक्ष को सूचना दी.
सीआईएसएफ की सक्रियता को देखते हुए चोर मौके पर डीजल छोड़कर बोलेरो वाहन से फरार हो गए. सूचना मिलते ही क्यू आरटी टीम ने वाहन का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर पुरनाडीह क्षेत्र की ओर भाग निकले.
इसके बाद क्यू आरटी, ड्यूटी पार्टी और आसूचना शाखा के जवानों द्वारा पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक गैलन में लगभग 50 लीटर डीजल, दूसरे गैलन में लगभग 20 लीटर डीजल तथा एक खाली गैलन बरामद किया गया. बरामद करीब 70 लीटर डीजल को आवश्यक कानूनी एवं विभागीय औपचारिकताओं के बाद रोहिणी परियोजना प्रबंधन को विधिवत सुपुर्द कर दिया गया.
सीआईएसएफ अधिकारियों ने बताया कि एनके एवं पिपरवार इकाई के कमांडेंट अमित कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है. खदान क्षेत्रों, डंपिंग यार्डों, कोयला परिवहन मार्गों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर नियमित गश्त एवं जांच के कारण कोयला, डीजल तथा अन्य संसाधनों की चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है.
कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा सीआईएसएफ की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कोयला उद्योग देश की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इसकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. चोरी, तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी है.
यह भी पढ़ें: लापता करन-अर्जुन का नहीं हुआ था अपहरण, रांची पुलिस ने पुरी से अर्जुन को सकुशल बरामद किया, समंदर देखने गए थे बच्चे