पलामू संसदीय क्षेत्र के 106 गांवों में डिजिटल क्रांति की दस्तक, 4G नेटवर्क सेवा शुरू, मार्च 2027 तक लगेंगे 14 नए टावर

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:  पलामू संसदीय क्षेत्र के दूरस्थ और अब तक मोबाइल नेटवर्क से पूरी तरह वंचित गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. माननीय सांसद विष्णु दयाल राम के लगातार और दूरदर्शी प्रयासों के फलस्वरूप संसदीय क्षेत्र के दोनों जिलों, पलामू एवं गढ़वा के विभिन्न सुदूरवर्ती गांवों में 4G मोबाइल सेवाओं के विस्तार का कार्य अत्यंत तीव्र गति से किया जा रहा है. यह पूरी परियोजना भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के अंतर्गत डिजिटल भारत निधि  से वित्तपोषित है, जिसे भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) द्वारा धरातल पर उतारा जा रहा है. इस महत्वपूर्ण प्रगति के संबंध में भारत संचार निगम लिमिटेड, झारखंड सर्किल (रांची) के मुख्य महाप्रबंधक दूरसंचार विपुल अग्रवाल द्वारा कार्यालय पत्रांक जेकेडी/एनडब्लूपी-सीएम/यूएसओएफ प्रोजेक्ट/2023-24/161, दिनांक 3 जून 2026 के आधिकारिक पत्र के माध्यम से सूचित किया गया है.

इस ऐतिहासिक पहल पर बात करते हुए माननीय सांसद ने कहा कि इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य उन सभी गांवों तक आधुनिक दूरसंचार सुविधाएं पहुंचाना है, जहां निजी दूरसंचार कंपनियों ने व्यावसायिक मुनाफे और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारणों से अपने नेटवर्क का विस्तार नहीं किया था. ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड 4G मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, डिजिटल सेवाओं, ई-गवर्नेंस, ऑनलाइन बैंकिंग तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए एवं बड़े अवसरों को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा. सांसद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आंकड़े साझा किए कि वर्तमान में पलामू संसदीय क्षेत्र में 66 मोबाइल टावरों का सफलतापूर्वक संचालन प्रारंभ किया जा चुका है, जिनके माध्यम से अब तक कुल 106 गांवों को निर्बाध 4G मोबाइल नेटवर्क कवरेज से पूरी तरह जोड़ दिया गया है.

सांसद वीडी राम ने आगे की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र के जो भी गिने-चुने इलाके अब तक नेटवर्क से वंचित रह गए हैं, उन्हें भी बहुत जल्द इस हाई-स्पीड सेवा से आच्छादित कर दिया जाएगा. इसके लिए क्षेत्र में 14 अतिरिक्त मोबाइल टावर स्थापित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है. इन नए टावरों के निर्माण के लिए भूमि आवंटन एवं अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं को ससमय पूरा करने हेतु बीएसएनएल और राज्य सरकार के संबंधित प्रशासनिक विभागों के बीच निरंतर आपसी समन्वय बनाया जा रहा है. जैसे ही इन चिह्नित स्थानों पर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित हो जाएगी, वैसे ही टावर निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया जाएगा.

प्रस्तावित सभी 14 अतिरिक्त मोबाइल टावरों को आगामी मार्च 2027 तक पूरी तरह चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे पलामू संसदीय क्षेत्र के समस्त ग्रामीण एवं सबसे दूरस्थ कोनों में भी लोगों को निर्बाध 4G कनेक्टिविटी की सुविधा मिलने लगेगी. इस जन-कल्याणकारी और विकासपरक कार्य के लिए माननीय सांसद ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम० सिंधिया जी के प्रति पलामू संसदीय क्षेत्र की समस्त जनता की ओर से हार्दिक धन्यवाद एवं गहरा आभार व्यक्त किया है

यह भी पढ़ें: जन वितरण प्रणाली दुकान का औचक निरीक्षण, जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने दिए पारदर्शी और समयबद्ध राशन वितरण के सख्त निर्देश