डीएलएसए ने चलाया 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान

Ark Sahuliyar

ग्रामीणों को बताए कानूनी अधिकार और नशा के दुष्प्रभाव का दिया जानकारी

विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत 
बरही/डेस्क:
चौपारण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) हजारीबाग के तत्वावधान में शुक्रवार को चौपारण प्रखंड की झापा पंचायत में 90 दिवसीय विशेष जागरूकता आउटरीच कार्यक्रम के तहत विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया. यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हजारीबाग धुर्व चंद्र मिश्रा के निर्देश तथा सचिव डॉ. रवि प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन एवं निगरानी में आयोजित किया गया.

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी कर्तव्यों तथा न्याय प्राप्ति के विभिन्न माध्यमों के साथ नशा के दुष्प्रभाव का विस्तृत जानकारी दी गई. उपस्थित लोगों को बताया गया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सदस्य तथा अन्य पात्र व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं.

अभियान में विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं, कानूनी सेवाओं तथा नागरिक अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं. जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कानूनी विषयों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका सरल और संतोषजनक उत्तर दिया गया. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आम लोगों में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ती है और उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी मिलती है.

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय और कानूनी सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या सामाजिक कारणों से न्याय से वंचित न रहे. इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम में पीएलवी अस्मिता कुमारी, नवीन कुमार, रेहाना खातून, नंदा देवी, रेखा कुमारी एवं हरेंद्र राणा सहित अन्य लोगों की सक्रिय सहभागिता रही.