12 घंटे में डबल मर्डर का खुलासा, मां-बेटी के हत्यारे को पुलिस ने दबोचा

Pramod Kumar,News11 Bharat,

लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में मां और बेटी की गला रेतकर की गई हत्या

न्यूज11  भारत

पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में मां और बेटी की गला रेतकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून लगा चाकू और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं.

5 और 6 अगस्त की दरम्यानी रात लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के झेनागड़िया गांव में एक महिला और उसकी पुत्री की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी. इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल यानी SIT का गठन किया गया.

SIT ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, तकनीकी विश्लेषण और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर आरोपी अबरास अंसारी उर्फ अबरास मोमिन को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, खून से सनी टी-शर्ट और बरसाती बरामद कर जब्त कर ली है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है.

यह भी पढ़ें:  मनोहरपुर प्रखंड के घाघरा में अभिनव समिति घाघरा की ओर से तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ