रोहन निषाद/न्यूज़11 भारत
चक्रधरपुर/डेस्क: चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण की दिशा में कदम बढ़ गया है. विधायक सुखराम उरांव की अनुशंसा पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट यानी DMFT मद से प्रस्तावित इन सड़कों का स्थल निरीक्षण और मापी का काम कल पूरा किया गया. विशेष प्रमंडल के कनीय अभियंता की उपस्थिति में यह निरीक्षण किया गया. इसका उद्देश्य विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी DPR तैयार करना है. DPR बनने के बाद ही निर्माण कार्य की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
प्रस्तावित परियोजनाओं में पहली सड़क जोड़ा तालाब से आसनतलिया तक करीब 900 मीटर लंबी पीसी सड़क बनेगी. दूसरी सड़क टोकलो मेन रोड यानी मिट्टी पहाड़ से हनुमान मंदिर तक लगभग 550 मीटर लंबी होगी.स्थानीय लोगों को लंबे समय से इन रास्तों पर आवागमन में परेशानी हो रही थी. बारिश के दिनों में कीचड़ और खराब रास्तों की वजह से दिक्कतें बढ़ जाती थीं. नई पीसीसी सड़कें बनने से न सिर्फ आवागमन सुगम होगा बल्कि क्षेत्र का सामाजिक और आर्थिक विकास भी तेज होगा.
विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि चक्रधरपुर नगर परिषद के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और जनहित के कामों को जमीन पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के सहयोग से विकास की यह यात्रा लगातार जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: दुमका में छापेमारी के बाद बढ़ा विवाद, विवेक रावत के भांजे ने DFO पर दर्ज कराई प्राथमिकी