प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत बरवाडीह
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (सीएस) लातेहार द्वारा जारी आदेश के अनुसार सीएचसी बरवाडीह के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मंटू कुमार को उनके प्रभार से मुक्त कर दिया गया है. उनके स्थान पर डॉ. अनुपमा एक्का को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह का नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बनाया गया है. यह आदेश 10 जुलाई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
विभागीय आदेश में कहा गया है कि बरवाडीह प्रखंड के विभिन्न ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा डॉ. मंटू कुमार के कार्य एवं प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं. इसके अलावा स्थानीय समाचार पत्रों में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्था, मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिलने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए थे. इन शिकायतों और समाचारों का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने यह निर्णय लिया.
नए आदेश के तहत डॉ. अनुपमा एक्का अपने नियमित चिकित्सकीय दायित्वों के साथ-साथ प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (DDO) का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी. उन्हें वित्तीय नियमों एवं विभागीय निर्देशों के अनुरूप सभी प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया है.
इस प्रशासनिक बदलाव से बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, मरीजों को समय पर बेहतर उपचार और अस्पताल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आने की उम्मीद जताई जा रही है. स्थानीय लोगों का मानना है कि नए प्रभारी के नेतृत्व में अस्पताल की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी.
यह भी पढ़ें: कोयला चोरी रोकने में विफल रहने वाले सीआईएसएफ के एसी समेत चार इंस्पेक्टर सस्पेंड