रवि सिन्हा/न्यूज11 भारत
डुमरी/डेस्क: झारखंड सरकार द्वारा हाल ही में प्रशासनिक सेवा के 88 अधिकारियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है, लेकिन डुमरी अनुमंडल आज भी उपेक्षा का शिकार बना हुआ है. भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि लगभग 1 वर्ष अधिक समय से डुमरी के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) प्रभार पर संचालित हो रहा है जो क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है.
उन्होंने कहा कि डुमरी एक महत्वपूर्ण अनुमंडल एवं विधानसभा क्षेत्र है. जहां लाखों लोगों की समस्याओं एवं विकास कार्यों के लिए स्थायी प्रशासनिक अधिकारियों की आवश्यकता है. इसके बावजूद राज्य की हेमंत सोरेन सरकार इन पदों पर नियमित नियुक्ति नहीं की जा रही है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है.
सुरेन्द्र कुमार ने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि डुमरी में SDM एवं BDO के पदों पर अविलंब स्थायी पदस्थापन किया जाए, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हो सके और जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें. उन्होंने कहा कि डुमरी की जनता अपने अधिकार, सम्मान और विकास के लिए जागरूक है तथा क्षेत्र के साथ हो रही इस उपेक्षा को अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार को शीघ्र निर्णय लेकर डुमरी के साथ न्याय करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: चौपारण के सियरकोनी में अज्ञात ऑटो ने बाइक को रौंदा, एक युवक की मौके पर मौत