रवि सिन्हा/न्यूज़11 भारत
डुमरी/डेस्क: डुमरी थाना क्षेत्र के सिमराडीह मोड़ के समीप एक बाइक और अज्ञात वाहन के बीच हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वहीं एक की हालत गंभीर बनी हुई है. मृतक की पहचान दीलीप कुमार महतो के रूप में हुई है. घायल का नाम धनेश्वर साव बताया गया है. दोनों कुलगो के रहने वाले बताऐ जा रहें है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बाइक सवार कुलगो से डुमरी आ रहे थे तभी सिमराडीह मोड़ के समीप पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दीलीप कुमार महतो की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं घायल व्यक्ति को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है. घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है. इधर पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज रही है.
इसे भी पढ़ें: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि: सीएम हेमंत सोरेन आज नेमरा में करेंगे आदमकद प्रतिमा का अनावरण