चैनपुर के चितरपुर में हाथी ने ग्रामीण का घर किया ध्वस्त, वन विभाग ने दिया मुआवजे का भरोसा

News11 Bharat,Pramod Kumar,

राजन पाण्डेय/न्यूज11  भारत

चैनपुर/डेस्क:  चैनपुर प्रखंड के कातिंग अंतर्गत ग्राम चितपुर में आज सुबह-सुबह जंगली हाथी के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत फैल गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज अलसुबह लगभग 3:30 बजे एक विशालकाय जंगली हाथी ने चितपुर गांव में धावा बोल दिया. हाथी ने गांव के निवासी छोटेलाल तिर्की के घर को निशाना बनाते हुए उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया.गनीमत रही कि घटना के समय समय रहते पीड़ित परिवार सचेत हो गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि, घर के मलबे में दबने से घर का सारा सामान और अनाज बर्बाद हो गया है. सुबह-सुबह हुई इस अचानक घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई और सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया. वन अधिकारियों ने पीड़ित छोटेलाल तिर्की के क्षतिग्रस्त मकान का मुआयना किया और नुकसान का आकलन किया. वन विभाग कर्मियों ने कहा"हाथी द्वारा किए गए नुकसान का आकलन कर लिया गया है. वन विभाग पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है. सरकारी प्रावधानों के तहत छोटेलाल तिर्की को जल्द से जल्द उचित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी."इस घटना के बाद से चितपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथियों की निगरानी बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित जंगलों की ओर खदेड़ने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

यह भी पढ़ें: भरनो के मिशन चौक में बाइक और लूना की भिड़ंत, नाना-नाती समेत चार घायल