चपका में दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, मसरिया मोड़ के नामकरण की उठी मांग

Pramod Kumar,News11 Bharat,

नेताओं ने झारखंड आंदोलन में ऐतिहासिक योगदान और आदिवासी, दलित और वंचितों के लिए किए गए कार्यों को याद किया

पंकज कुमार/न्यूज11  भारत

घाघरा गुमला/डेस्क: घाघरा मुख्यालय चपका स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यालय में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विधायक प्रतिनिधि चंद्रदेव उरांव, जिला अल्पसंख्यक विधायक प्रतिनिधि बबलू खान, मनोज भगत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ हुई. सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा आदिवासी, दलित और वंचित समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए किए गए कार्यों को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, जल-जंगल-जमीन और झारखंडी अस्मिता की लड़ाई को समर्पित रहा.

श्रद्धांजलि सभा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मसरिया मोड़ का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर रखने की मांग को दोहराया और प्रतीकात्मक रूप से चौक का नामकरण भी किया. नेताओं ने कहा कि शिबू सोरेन का झारखंड राज्य के निर्माण और विकास में अतुलनीय योगदान रहा है. उनके सम्मान में किसी प्रमुख चौक का नामकरण नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और विचारों से प्रेरित करेगा.

कार्यक्रम में लालदेव भगत, बेचन भगत, संजीव उरांव, संजय उरांव, सतेंद्र उरांव, देवा उरांव, बल कुमार, फ्रांसिस जेवियर लकड़ा, सुरेश भगत, नागेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे.

यह भी पढ़ें: पांच साल तक सहमति से संबंध में रहे, बाद में शादी नहीं होने से हर मामला दुष्कर्म नहीं बन जाता - झारखंड हाई कोर्ट