पदमा में मुर्गी फार्म की आड़ में चल रही नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़

Pramod Kumar,News11 Bharat,

वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11  भारत

बरही/डेस्क:  पदमा थाना क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के निर्देशन और निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में  पदमा थाना अंतर्गत ग्राम दौरवा में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई.

मुर्गी फार्म में मिली मिनी फैक्ट्री

छापेमारी के दौरान दौरवा गांव स्थित एक मुर्गी फार्म में अवैध रूप से चल रही मिनी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ. मौके से विभिन्न ब्रांडों की नकली विदेशी शराब बनाने का पूरा सेटअप बरामद किया गया.

आरोपी की पहचान, केस दर्ज

प्राथमिक जांच में फैक्ट्री का संचालन दौरवा निवासी अशोक बाड़ा द्वारा किया जाना पाया गया है. उसके साथ अन्य संलिप्त लोगों की भी पहचान की जा रही है. सभी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.

इस कार्रवाई में निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार झा, अवर निरीक्षक उत्पाद सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सैयद बसीरुद्दीन के साथ सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी के जवान शामिल थे.

उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सघन छापेमारी आगे भी जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें: पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कोयल अपैरल पार्क का किया निरीक्षण, महिला सशक्तीकरण की सराहना की