पलामू: वज्रपात की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, एक महिला गंभीर; गांव में पसरा मातम 

News11 Bharat

जिले के पुरसोतमपुर गांव में वज्रपात की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गयी. वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल है.

न्यूज़11 भारत 
रांची/डेस्क: 
पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत पुरसोतमपुर गांव में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गयी, वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी है. इस दर्दनाक हादसे के बाद से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों को पहचान पुरसोतमपुर गांव निवासी बालमुकुंद यादव और दिलीप यादव के रूप में हुई है. 

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बालमुकुंद यादव अपने पुत्र दिलीप यादव के साथ मंगलवार की देर शाम तेतराई बाजार से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और मूसलाधार बारिश के साथ तेज आकाशीय बिजली चमकने लगी. घर से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर दोनों वज्रपात की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गयी. 

​इसी दौरान, वज्रपात की चपेट में आने से गांव की एक अन्य महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. इधर घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी पांकी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया.

पीड़ित परीवार को मुआवजा देने की मांग 

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत त्वरित मुआवजा और हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस विपत्ति की घड़ी में परिवार को संबल मिल सके.घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे समाजसेवी रफीक अंसारी भाजपा नेता शत्रुघ्न सिंह सहित अन्य लोगों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को मदद का भरोसा दिलाया है.

इसे भी पढ़ें: रांची में 1 सितंबर से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली 2026, 12-13 दिनों तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया