गढ़वा जिले में ईद-उल-अजहा बकरीद पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया 

News11 Bharat

अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत
गढ़वा/डेस्क:
गढ़वा जिला के अलग-अलग ईदगाह में गुरुवार को त्याग, बलिदान और भाईचारे का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. सुबह से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों में त्योहार को लेकर विशेष उत्साह दिखा. नए परिधानों में सजे लोग निर्धारित समय से पहले ही ईदगाह पहुंचने लगे थे. पूरे क्षेत्र में अमन, भाईचारे और धार्मिक सौहार्द का वातावरण बना रहा.

ईदगाह परिसर में पूर्वाह्न 7:30 बजे ईद-उल-अजहा की विशेष नमाज अदा की गई. वहीं रंका अनुमंडल मुख्यालय में नमाज की अगुवाई इमाम मुफ्ती मोहम्मद मिस्बाही समसी ने की. नमाज के दौरान लोगों ने देश एवं समाज में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी. वहीं एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला.

इस अवसर पर रंका एसडीएम मोहम्मद परवेज ईदगाह पहुंचे और नमाज अदायगी के दौरान मौजूद रहकर लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है. यह त्योहार लोगों को आपसी भाईचारे और प्रेम के साथ रहने की प्रेरणा देता है. उन्होंने सभी लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
ईदगाह परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई थी. सुरक्षा के मद्देनजर ईदगाह के आसपास पुलिस बल लगातार निगरानी करते दिखाई दिए. प्रशासन द्वारा यातायात एवं भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई थी ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

त्योहार के दौरान प्रशासन और पुलिस की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहा. नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों में पारंपरिक तरीके से कुर्बानी की रस्म अदा की तथा जरूरतमंदों के बीच बकरे की मांस का वितरण किया. बकरीद के अवसर पर लोगों ने गरीबों और असहायों की मदद कर मानवता और सामाजिक एकता का संदेश दिया. रंका अनुमंडल क्षेत्र में भी बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बुद्धिजीवियों ने भी लोगों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की. वहीं क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोगों ने हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया. नमाज समाप्त होने के बाद सदर शोयेब खलीफा,हाजीपुर फैरूद्दीन खलीफा, हाजी एकरामुद्दीन खलीफा, हाजी इस्लाम खलीफा, हाजी हुसैन अंसारी, रकीब खलीफा, नजीर खलीफा, शाह मोहम्मद खान, गुलाम रसूल खान, मदन खान, अलीम खलीफा, मोहम्मद इजराफिल सिद्दीकी, हारून राशिद सिद्दीकी, अहमद परवेज खलीफा, इब्राहिम खलीफा, नौशाद राय, आफताब आलम, मोहम्मद परवेज खलीफा सहित अन्य लोगों सहित कई लोगों ने एक दूसरों के साथ गले मिलकर पर्व को मनाया.

यह भी पढ़े: बकरीद के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री इराफन अंसारी ने दी शुभकामाएं, वोटर लिस्ट को लेकर भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप