फिल्मी स्टाइल में लकड़ी तस्करी: चलती ट्रक से कूदे तस्कर, बिना ड्राइवर के खेत में पलटा 10 लाख रुपए का साल बोटा लदा ट्रक

News11 Bharat

नीरज कुमार साहू/न्यूज़11 भारत 
गुमला/डेस्क:
गुमला के बसिया अनुमंडल में वन विभाग को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहाँ फिल्मी अंदाज में भाग रहे तस्करों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य की अवैध साल लकड़ी (बोटा) से लदे एक ट्रक को जब्त किया गया है. पूरी घटना शुक्रवार तड़के करीब 3:00 बजे की है, जो किसी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पुष्पा' के सीन जैसी प्रतीत हो रही थी.

 'पुष्पा' स्टाइल में चलती गाड़ी से कूदे तस्कर
मिली जानकारी के अनुसार, घटना कुरकुरा थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत की है. वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा की तरफ से भारी मात्रा में अवैध साल की लकड़ी (बोटा) लादकर एक ट्रक बसिया के रास्ते गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही फॉरेस्टर शेखर सिंह ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला और संदिग्ध रास्तों पर नाकेबंदी कर दी. जैसे ही वन विभाग की टीम को वह ट्रक आता दिखाई दिया, उन्होंने उसे रुकने का इशारा किया. लेकिन तस्करों ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेडिंग तोड़कर भागने लगे.

 बिना ड्राइवर के दौड़ता रहा ट्रक 
वन विभाग की टीम ने जब ट्रक का पीछा किया, तो खुद को घिरता देख चालक और खलासी ने दुस्साहस दिखाया. वे चलती हुई तेज रफ्तार गाड़ी से नीचे कूद गए और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग निकले. बिना ड्राइवर के यह ट्रक कुछ दूर तक सड़क पर अनियंत्रित होकर दौड़ता रहा और अंततः सड़क किनारे एक खेत में जाकर पलट गया.

अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागे आरोपी
वाहन के पलटते ही पीछा कर रहे वनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे चालक और खलासी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन घने जंगल और तड़के सुबह के अंधेरे का लाभ उठाकर दोनों तस्कर रफूचक्कर होने में कामयाब रहे.

वन विभाग की कार्रवाई जारी
मामले की जानकारी देते हुए फॉरेस्टर शेखर सिंह ने बताया की दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसमें लदे करीब ₹10 लाख की अवैध साल की लकड़ियों (बोटा) को वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है.

 आगे की कार्रवाई
विभाग द्वारा अज्ञात तस्करों और वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. फरार आरोपियों की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस की भी मदद ली जा रही है. इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के वन माफियाओं और अवैध लकड़ी तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है.