फाइल लंबित रहने के मामले पर वित्त मंत्री सख्त, बोले- जानबूझकर देरी हुई तो होगी कार्रवाई

Vaibhaw Vikram

झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्त विभाग में फाइलों के लंबित रहने के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि वित्त विभाग को विभिन्न विभागों से आने वाली फाइलों पर आवश्यकतानुसार सवाल

न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क:
झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्त विभाग में फाइलों के लंबित रहने के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि वित्त विभाग को विभिन्न विभागों से आने वाली फाइलों पर आवश्यकतानुसार सवाल (क्वेरी) उठाने का अधिकार है, लेकिन अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

वित्त मंत्री ने कहा कि वह जल्द ही विभाग के सचिव को पत्र लिखकर यह जानकारी मांगेंगे कि कौन-कौन सी फाइल किस अधिकारी और किस टेबल पर कितने समय तक लंबित रही. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर फाइल आगे बढ़ाई गई है तो कोई समस्या नहीं है, लेकिन यदि जानबूझकर देरी की गई है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

राधाकृष्ण किशोर ने विभाग के कुछ अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उनके विभाग के एक प्रशाखा पदाधिकारी ने सीधे उनके आप्त सचिव को पत्र लिखा, जो प्रशासनिक दृष्टि से उचित कार्यशैली नहीं मानी जा सकती. उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता है.

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कई सकारात्मक बदलाव किए गए हैं. उन्होंने संकेत दिया कि विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.

यह भी पढ़ें: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का डीजीपी पर हमला, बोले- विदेश में बैठा गैंगस्टर जनप्रतिनिधियों को...'