चतरा में एसपी आवास के सामने दिनदहाड़े फायरिंग, प्राइवेट गार्ड की मौत; आरोपी पुलिस जवान हिरासत में

Ark Sahuliyar

जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके, एसपी आवास के ठीक सामने मंगलवार को दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हुई है.

न्यूज़11 भारत 
चतरा/डेस्क:
चतरा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान करने वाली खबर सामने आई है. जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके, एसपी आवास के ठीक सामने मंगलवार को दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हुई है. इस गोलीबारी में एक प्राइवेट गार्ड की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या का आरोप जिला बल के ही एक जवान पर लगा है. वारदात की सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया है. 

सिमरिया और टंडवा एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल के पास खड़ी एक फोर्ड एंडेवर कार को भी जब्त किया है, जो रमियां कंस्ट्रक्शन के मालिक रॉकी यादव की बताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, जब्त कार से कुछ हथियार भी बरामद हुए हैं. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. फिलहाल मृतक की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.

यह भी पढ़ें- आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश