गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड प्रमुख की शिकायत पर पति गिरफ्तार, घरेलू हिंसा के आरोप में भेजा गया जेल

Pramod Kumar,News11 Bharat,

कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते का किया गया प्रयास, फिर भी पति के व्यवहार में नहीं हुआ कोई सुधार

अरुण कुमार यादव/न्यूज11  भारत

गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले के मेराल प्रखंड के प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी के साथ मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना के आरोप में पुलिस ने उनके पति ललन राम को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मामला घरेलू हिंसा, शारीरिक उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना से जुड़ा है.

मेराल प्रखंड प्रमुख दीपमाला कुमारी ने मेराल थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए थे. शिकायत में उन्होंने कहा कि विवाह के 14 वर्षों में शुरुआती एक वर्ष तक दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन इसके बाद लगातार मारपीट, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा. उन्होंने यह भी बताया कि कई बार सामाजिक स्तर पर समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ.पीड़िता की शिकायत के आधार पर मेराल थाना में कांड संख्या 186/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126 (2), 115 (2), 117(2), 109(1), 351(3) एवं 85 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ललन राम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि महिलाओं के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न और हिंसा के मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करती है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का पद या प्रभाव कानून से ऊपर नहीं है. पीड़िता की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें: 3 महीने के बच्चे को छोड़कर भागी अज्ञात महिला, बसिया के देवी गुड़ी चौक की घटना, पुलिस ने नवजात को CWC गुमला को सौंपा