ग्राम पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से गांडेय में सहजकर्ता दल का दो दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

Pramod Kumar,News11 Bharat,

विभिन्न सरकारी योजनाओं के अभिसरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई

भरत मंडल न्यूज 11 भारत 

गांडेय डेस्क: गांडेय प्रखंड परिसर स्थित सभाकक्ष में मंगलवार को सहजकर्ता दल के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया. यह प्रशिक्षण जिला पंचायती राज पदाधिकारी, गिरिडीह के निर्देश पर ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्राम पंचायत विकास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आयोजित किया गया.

प्रशिक्षण के दौरान मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद गुलजार खान, आनंद कुमार त्रिपाठी एवं धर्मेन्द्र कुमार वर्मा ने प्रतिभागियों को स्थानीय सतत विकास लक्ष्य, ग्राम पंचायत क्षमता निर्माण एवं योजना समिति, ग्राम पंचायत सुविधा दल, ग्राम पंचायत विकास योजना की प्रक्रिया, प्राथमिकता निर्धारण एवं अनुमोदन, 16वें वित्त आयोग के अनुदान, वित्तीय योजना प्रबंधन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के अभिसरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी.

प्रशिक्षकों ने बताया कि ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी, स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं का चयन तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से पंचायतों में समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा सकता है. प्रशिक्षण के माध्यम से सहजकर्ता दल के सदस्यों को पंचायत स्तर पर योजनाओं की तैयारी, समन्वय एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक ज्ञान और कौशल प्रदान किया गया.

बताया गया कि सहजकर्ता दल का प्रशिक्षण चार चरणों में आयोजित किया गया था. प्रत्येक बैच को दो-दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया. गांडेय प्रखंड में प्रशिक्षण की शुरुआत 27 जुलाई से हुई थी, जबकि अंतिम चरण का प्रशिक्षण 3 एवं 4 अगस्त को संपन्न हुआ.

प्रशिक्षण के सफल संचालन में बीसी प्रवीण कुमार, बीपीएम मो. इकरामुल हक एवं बीपीआरओ बैजनाथ महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

यह भी पढ़ें: जिले में 3 से 7 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित कर निर्गत किए जा रहे हैं जाति, आय, स्थानीय निवासी व ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र