अमवाटीकर जंगल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की अवैध सखुआ लकड़ी जब्त

Pramod Kumar,News11 Bharat,

सूचना के आधार पर रेंजर अजय टोप्पो के निर्देश पर प्रभारी वनपाल शशांक पांडेय के नेतृत्व में चला छापेमारी अभियान

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत

बरवाडीह/डेस्क: पलामू टाइगर रिजर्व के छिपादोहर पूर्वी वन क्षेत्र अंतर्गत अमवाटीकर जंगल में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सखुआ की सात सिल्ली जब्त की है. बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है. हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे.वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि अमवाटीकर जंगल में अवैध रूप से काटी गई सखुआ की लकड़ियां तस्करी के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई हैं.

सूचना के आधार पर रेंजर अजय टोप्पो के निर्देश पर प्रभारी वनपाल शशांक पांडेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. टीम ने जंगल की घेराबंदी कर तलाशी ली.जहां से सात सिल्ली सखुआ लकड़ी बरामद हुई.जब्त लकड़ियों को वन विभाग ने अपने कब्जे में लेकर वन कार्यालय पहुंचाया है. मामले में वन अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही लकड़ी तस्करी से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है.

प्रभारी वनपाल शशांक पांडेय ने बताया कि जब्त सखुआ लकड़ी की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपये है. उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.छापेमारी अभियान में वन विभाग के कर्मी अमित प्रसाद, बैजनाथ रविदास, प्रमोद मिंज सहित अन्य वनकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही. विभाग ने कहा कि जंगलों की सुरक्षा और अवैध कटाई पर रोक लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से सघन अभियान जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: गढ़वा जिले में कम हो रही बारिश किसान परेशान, हिस्से में थोड़ी बहुत बारिश तो दूसरे हिस्से में सूखे की आहट