SIR व अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर गरजे पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी, बैठक में आंदोलन की चेतावनी

Ark Sahuliyar

पलामू जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर के एआईडी भवन में शनिवार को कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.

न्यूज़ भारत
पलामू/डेस्क:
पलामू जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर के एआईडी भवन में शनिवार को कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में एसआईआर से जुड़े विषयों के साथ-साथ संगठन की मजबूती और क्षेत्र की जनसमस्याओं पर व्यापक चर्चा की गई. बैठक के दौरान अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा.

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य के पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने अंचल कार्यालय में पनप रहे भ्रष्टाचार पर तीखी नाराजगी जताई. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में प्रशासन को लिखित आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित में चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.

बैठक में एसआईआर से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ. इस अवसर पर कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए पूर्व मंत्री ने संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया. कार्यक्रम में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, सक्रिय कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया.