रामपुर गोलीकांड के पीड़ित परिवार से मिले पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी, कहा- कानून पर भरोसा रखें

News11 Bharat

न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: ​
चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में चौधरी परिवार के साथ घटित हुई घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. इस घटना की जानकारी लेने और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी वहां की स्थिति देखकर भावुक हो गए. 

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी की जान की कीमत इतनी सस्ती नहीं हो सकती. अगर किसी का जमीनी विवाद है, तो उसे कानून का सहारा लेना चाहिए, न कि किसी की जिंदगी छीननी चाहिए. पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पलामू पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भविष्य में दोबारा ऐसी किसी वीभत्स घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे जहां भी उनकी जरूरत होगी, वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे. इस संवेदनशील मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह टिकैत, बबलू दुबे, गोपाल त्रिपाठी, सोनू पासवान, रंजन दुबे और रमेश चौधरी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे.

​उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व चैनपुर थाना के रामपुर में जमीन विवाद को लेकर भीषण गोलीकांड हुआ था, जिसमें एक युवक की जान चली गई थी और चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. इस पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, इस मामले में अभी भी 17 नामजद आरोपी फरार हैं, जबकि 25 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

​स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ रसूखदार लोग लाइसेंसी हथियारों के बल पर अक्सर आम जनता को डराते और धमकाते है. इस पर पूर्व मंत्री के.एन. त्रिपाठी ने जनता से अपील की कि वे न्याय पर पूरा भरोसा रखें और किसी भी स्थिति में कानून को अपने हाथ में न ले. इसके साथ ही उन्होंने जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) से पुरजोर मांग की है कि फरार चल रहे सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाला जाए, ताकि जिले में शांति व्यवस्था कायम रह सके. उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की कि क्षेत्र में हथियारों के लाइसेंस का भौतिक सत्यापन जरूर किया जाए, जिससे उनके दुरुपयोग पर रोक लग सके.

यह भी पढ़े: चंदवा में अकीदत के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा, अमन-चैन और तरक्की की मांगी दुआ