धान रोपनी के दौरान वज्रपात की चपेट में चार लोग, महिला की मौत, तीन घायल

Pramod Kumar,News11 Bharat,

ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद पहुंचाया गया

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क: पलामू जिले के मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के गाजी बिहरा गांव में मंगलवार को धान रोपनी के दौरान अचानक हुए वज्रपात से एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत में काम कर रहे चार लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद पहुंचाया गया.

इलाज के दौरान गाजी बिहरा निवासी पुष्पा देवी (पति धनंजय पासवान) की मौत हो गई. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. वहीं बबीता देवी (पति विक्रांत पासवान), प्रेम शंकर पासवान (पिता कमल पासवान) तथा सरिता देवी (पति स्व. छोटेलाल राम) का अस्पताल में उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही मोहम्मदगंज थाना पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा. इस हादसे के बाद गाजी बिहरा गांव में शोक का माहौल है. प्रशासन ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा लोगों से खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: ट्रांसफॉर्मर खराब होने से कुर्मिटोला में तीन दिनों से बिजली गुल, लोगों ने की शीघ्र समाधान की मांग