मधु सुदन/न्यूज11 भारत
सरायकेला/न्यूज11 भारत: गम्हरिया थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से कुल 12 ग्राम ब्राउन शुगर और बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे गश्ती दल को सूचना मिली कि केरेला पब्लिक स्कूल के विपरीत दिशा में जंगलनुमा क्षेत्र के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल से मौजूद हैं. सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया. पूछताछ के बाद उनकी पहचान करीब 20 वर्षीय कलीम खान, निवासी जीवनपुर, तथा 25 वर्षीय प्रदीप महतो, निवासी कोलाबिरा बस्ती के रूप में हुई.
तलाशी के दौरान कलीम खान के पास से 9 ग्राम तथा प्रदीप महतो के पास से 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ. पुलिस ने बिना नंबर की काली रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसका इंजन नंबर मिटाया हुआ पाया गया.
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
यह भी पढ़ें: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन के मौके पर राजनगर में रक्तदान शिविर का आयोजन