भरत मंडल/न्यूज11 भारत
गांडेय/डेस्क: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गांडेय में कल गुरुवार देर शाम पानी और बिजली की समस्या को लेकर छात्रों ने मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया. छात्रों का आरोप था कि लंबे समय से आवासीय परिसर में पेयजल व बिजली की समस्या बनी हुई है, लेकिन विद्यालय प्रबंधन समाधान के बजाय उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है.
प्रदर्शन के दौरान छात्रों और शिक्षकों के बीच नोकझोंक भी हुई. बताया जाता है कि आचार्य एस.एन. मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को समझाने का प्रयास किया, जिसके दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पत्रकार विद्यालय पहुंचे. आरोप है कि मीडिया के पहुंचते ही विद्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और पत्रकारों को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया. वहीं विद्यालय के किसी भी अधिकारी या शिक्षक ने इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी.
छात्रों का कहना है कि वे केवल पानी, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे थे. समाचार लिखे जाने तक विद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था. इसलिए छात्रों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी.
इसे भी पढ़ें: श्रावणी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब! बाबाधाम की 18 दानपेटियों से मिले करीब 23 लाख रुपये