गढ़वा DC ने जिले के मझिआंव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

Pramod Kumar,News11 Bharat,

कार्यालय में सभी कर्मी मिले उपस्थित, प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर स्पष्टीकरण का निर्देश

अरुण कुमार यादव/न्यूज11  भारत

गढ़वा/डेस्क: गढ़वा उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी पशुपति नाथ मिश्रा ने आज क्षेत्र भ्रमण के दौरान गढ़वा जिले के मझिआँव प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझिआँव का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागीय कार्यों एवं जनसुविधाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति, संचालित योजनाओं की प्रगति, स्वच्छता व्यवस्था तथा आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. 

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय, मझिआँव का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित पाए गए. वहीं SIR से संबंधित कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई. उपायुक्त ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रखंड समन्वयक से स्पष्टीकरण प्राप्त कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी, मझिआँव श्रीमती कनक को दिया.

उपायुक्त ने कल्याण विभाग से प्राप्त साइकिलों का जल्द से जल्द वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया, ताकि पात्र लाभुकों को इसका समय पर लाभ मिल सके. इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. इसके उपरांत उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझिआँव का भी औचक निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान कई कर्मी अनुपस्थित पाए गए. इस पर उपायुक्त ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, मझिआँव गोविन्द सेठ को दिया. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सकीय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सतत निगरानी रखने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए.निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उनका हाल-चाल जाना तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने मरीजों से उपचार, दवा, जांच एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया. साथ ही, इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त मिश्रा ने सदर अस्पताल में भर्ती कामेश्वर परहिया से भी मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकों से मरीज के इलाज एवं स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेते हुए उचित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए. उपायुक्त ने कहा कि जिले में संचालित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. साथ ही, सरकारी कार्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मियों की उपस्थिति, कार्यों की गुणवत्ता, जनसुविधाओं तथा सेवा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, आदित्यपुर में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित