घाघरा: बिजली विभाग की कथित लापरवाही से 27 वर्षीय युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Dipali Kumari

आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक का शव चांदनी चौक के समीप सड़क पर रखकर घाघरा–गुमला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया.

पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत 
घाघरा/डेस्क:
घाघरा थाना क्षेत्र के तारा गुड्डू गांव में शुक्रवार सुबह बिजली करंट की चपेट में आने से एक 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान वीरेंद्र उरांव के रूप में हुई है. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का शव चांदनी चौक के समीप सड़क पर रखकर घाघरा–गुमला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई है. प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार वीरेंद्र उरांव अपने पिता राम उरांव के साथ आज शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान खेत के समीप बिजली पोल का सपोर्ट (स्टे) वायर नीचे की ओर खुला हुआ था. काम करते-करते वीरेंद्र अनजाने में उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा. घटना के बाद परिजनों ने लकड़ी (डंडे) की मदद से वीरेंद्र को बिजली के तार से अलग किया और तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा ले गए. जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

इसे भी पढ़ें: सदन में हंगामे के बीच वितमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने 8399 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया