पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के तारा गुड्डू गांव में शुक्रवार सुबह बिजली करंट की चपेट में आने से एक 27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान वीरेंद्र उरांव के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार वीरेंद्र उरांव अपने पिता राम उरांव के साथ आज शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान खेत के समीप बिजली पोल का सपोर्ट (स्टे) वायर नीचे की ओर खुला हुआ था. काम करते-करते वीरेंद्र अनजाने में उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा.
घटना के बाद परिजनों ने लकड़ी (डंडे) की मदद से वीरेंद्र को बिजली के तार से अलग किया और तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा ले गए. जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पुलिस मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें: बड़गांव मॉब लिंचिंग केस में एसपी का बड़ा एक्शन! लापरवाही बरतने वाले 2 दारोगा समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड