संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती तथा केरकी कुटिया में पौधारोपण एवं पौधों के निःशुल्क वितरण के 21 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज छतरपुर प्रखंड स्थित केरकी कुटिया शिव तपोभूमि में भव्य पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर पर्यावरणविद् डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने 17 प्रजातियों के 625 देसी एवं विदेशी पौधों का ग्रामीणों के बीच निःशुल्क वितरण किया तथा कुटिया परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधे लगाए.
कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. कौशल किशोर जायसवाल, छतरपुर पूर्वी के जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल, डाली बाजार पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल सहित अन्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर किया और वृक्षों पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया. इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी पौधे लगाए.
डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने कहा कि कुटिया के त्यागी जी ने 2005 में बैठक बुलाकर कुटिया की भूमि पर पौधा लगाने का लिखित एग्रीमेंट किया था. उक्त बैठक में शामिल मनोज गुप्ता, कपिल सिंह, शिवनाथ सुरीला और नरेश यादव समेत दर्जनों लोग आज भी मौजूद हैं और यह कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा. जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल ने कहा कि उनके पिता डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने 21 वर्ष पूर्व निजी खर्च से केरकी कुटिया की 27 एकड़ भूमि में चारों ओर ट्रेंच खुदवाकर व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराया था, जो आज घने जंगल का रूप ले चुका है.
मुखिया पूनम जायसवाल ने महिलाओं से पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करने की अपील की. जुबेर अंसारी ने कहा कि पलामू की धरती सौभाग्यशाली है, जहां डॉ. कौशल किशोर जायसवाल जैसे पर्यावरण योद्धा ने जन्म लिया है. कपिल सिंह, शिवनाथ सुरीला, जेएमएम नेता सनी कुमार और डोमन यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. कौशल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र के उजड़े वन पुनः हरित हो गए हैं.
कार्यक्रम में मनोज गुप्ता, कपिल सिंह, कृष्ण यादव, मोती साव, सुभाष बोस, संजय यादव, पूर्व मुखिया अफजाल अंसारी, कुलदीप सिंह, बिरजू सिंह, मुन्नी सिंह, कुटिया समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: हल्की बारिश में बह गई बुधुडीह में पुलिया, कई गांवों का संपर्क टूटा, ग्रामीणों ने की स्थायी पुल निर्माण की मांग