सीनी में ट्रेनिंग ले रहे गुड्स गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, छत से गिरने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

Ark Sahuliyar

सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक ट्रेनी गुड्स गार्ड की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई.

मधु सुदन/न्यूज11 भारत 
सरायकेला/डेस्क:
सीनी रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक ट्रेनी गुड्स गार्ड की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान 34 वर्षीय अभिषेक सिंह तोमर के रूप में हुई है. वह नागपुर रेल मंडल में कार्यरत था और सीनी में गुड्स गार्ड का प्रशिक्षण पूरा कर चुका था. जल्द ही उसे अपनी ड्यूटी पर वापस लौटना था.

बताया जा रहा है कि सोमवार रात अभिषेक अपने कुछ परिचितों के साथ ट्रेनिंग सेंटर के समीप स्थित दीपक कुमार के आवास पर गया था. वहां दोस्तों के साथ पार्टी के बाद वह बाहर निकल रहा था. इसी दौरान वह पहली मंजिल से नीचे गिर पड़ा. हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं. साथ मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलने के बाद सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में ऊंचाई से गिरने की वजह से मौत होने की आशंका है. हालांकि, घटना को लेकर कुछ सवाल भी सामने आए हैं. सूत्रों के मुताबिक पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की चर्चा है. इसी क्रम में अभिषेक के नीचे गिरने की बात कही जा रही है. हालांकि पुलिस ने अभी तक विवाद या किसी अन्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी. पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच करने के साथ वहां मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अभिषेक किस परिस्थिति में पहली मंजिल से नीचे गिरा.

घटना की खबर फैलते ही रेलवे ट्रेनिंग सेंटर में शोक का माहौल बन गया. साथी प्रशिक्षुओं के अनुसार अभिषेक व्यवहार में मिलनसार और हंसमुख था. प्रशिक्षण पूरा कर ड्यूटी पर लौटने से पहले हुई उसकी मौत से सहकर्मी और परिचित स्तब्ध हैं. पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. परिजनों के सीनी पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है.