पतरातू डैम परिसर में म्यूजिकल फाउंटेन एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का हुआ भव्य उद्घाटन

Ark Sahuliyar

पर्यटन को मिलेगा नया आयाम, पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा पतरातू डैम

राहुल सिंह/न्यूज11 भारत 
रामगढ़/डेस्क:
 मंत्री, पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार सुदिव्य कुमार के द्वारा पतरातू डैम परिसर में नवनिर्मित म्यूजिकल फाउंटेन एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का विधिवत उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, माननीय विधायक रामगढ़ ममता देवी, उपायुक्त ऋतुराज, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतिश कुमार, प्रबंध निदेशक जेटीडीसी, पूर्व विधायक बड़कागांव अंबा प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि हजारीबाग राजीव जायसवाल, जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं पर्यटक उपस्थित रहे.

उद्घाटन के उपरांत मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण राज्य है. राज्य सरकार द्वारा पर्यटन स्थलों के विकास एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है. पतरातू डैम झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है और यहां विकसित की जा रही आधुनिक सुविधाओं से पर्यटन को और अधिक बढ़ावा मिलेगा.

उन्होंने कहा कि म्यूजिकल फाउंटेन पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण का केंद्र बनेगा. संगीत, प्रकाश एवं जल की मनमोहक प्रस्तुति पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करेगी. वहीं, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के माध्यम से पर्यटक जलाशय के मनोहारी वातावरण के बीच भोजन एवं मनोरंजन का आनंद ले सकेंगे. इससे पतरातू डैम आने वाले पर्यटकों के अनुभव में और अधिक विविधता आएगी.

कार्यक्रम के दौरान माननीय मंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास से न केवल राज्य की पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होते हैं. पतरातू डैम परिसर में विकसित की गई इन नई सुविधाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी तथा क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे.

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए पर्यटकों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आकर्षक बनाना है. इसके तहत पर्यटन स्थलों पर आधारभूत संरचनाओं के विकास, सौंदर्यीकरण, मनोरंजन सुविधाओं एवं पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों को पतरातू डैम परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, पर्यटकों की सुविधा एवं संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. साथ ही, पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई.

म्यूजिकल फाउंटेन एवं फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के उद्घाटन के साथ पतरातू डैम पर्यटन क्षेत्र में एक नए आकर्षण का जुड़ाव हुआ है. इससे पतरातू डैम आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन एवं पर्यटन का एक नया अनुभव प्राप्त होगा और रामगढ़ जिले के पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.