कुडू में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, मौसीवाड़ी पहुंचे प्रभु

Ark Sahuliyar

कुडू में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.

न्यूज11 भारत 
कुडू/डेस्क:
कुडू में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. सुबह इंदिरा गांधी चौक स्थित बिड़ला शिव मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया. इसके बाद श्रद्धालु भक्तों ने जय जगन्नाथ के गगनभेदी जयकारों के बीच रस्सियों से रथ को खींचते हुए कुडू बाजार टांड़ स्थित दुर्गा बाड़ी पहुंची, जहां भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा. दुर्गा बाड़ी से आगे बढ़ते हुए रथ बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर होते हुए मौसीवाड़ी पहुंचा. धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ अपने भाई-बहन के साथ मौसीवाड़ी में नौ दिनों तक प्रवास करेंगे. इसके उपरांत निर्धारित तिथि पर भव्य बहुड़ा रथयात्रा के माध्यम से पुनः बिड़ला शिव मंदिर लौटेंगे. रिमझिम बारिश के बीच श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. स्थानीय प्रशासन के सक्रिय सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.